बीते सप्ताह रोशन हुए देश के 174 गांव

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना’ के तहत पिछले सप्ताह देश के 174 और गांवों तक बिजली पहुंचा दी गई। एक अधिकारी ने यहां सोमवार को यह जानकारी दी।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय से जारी वक्तव्य के अनुसार, “बीते सप्ताह जिन गांवों तक बिजली पहुंची, उनमें असम के 15, अरुणाचल प्रदेश के 12, मेघालय के 82, झारखंड के 18, बिहार के 15, ओडिशा के 11, उत्तर प्रदेश के 12, राजस्थान और मिजोरम के तीन-तीन गांव शामिल हैं। जबकि हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के एक-एक गांव तक पहली बार बिजली पहुंची है।”

वक्तव्य में कहा गया है कि आज की तारीख तक देश के कुल 9,134 गांवों को रोशन किया जा चुका है।

देश में अभी भी 9,318 गांव ऐसे हैं जहां आज तक बिजली की आपूर्ति नहीं हो सकी है। उनमें से 5,860 गांवों तक ग्रिड के जरिए बिजली पहुंचाई जाएगी जबकि 2,645 गांवों को वैकल्पिक स्रोतों के जरिए रोशन किया जाएगा। वहीं 316 गांवों तक बिजली की आपूर्ति राज्य सरकारें करेंगी।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने बीते माह गोवा में हुई राज्य के ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में कहा था कि एक मई, 2018 की तय समयसीमा से कहीं पहले 2016 के आखिर तक देश के हर गांव तक बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लक्ष्य पर केंद्र सरकार और राज्यों के बीच सहमति बन गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493