बीते 3 साल के सबसे अहम 2 अंक : कोहली

हैदराबाद, 16 मई (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि सनराइजर्स हैदराबाद पर शुक्रवार को मिली जीत से हासिल दो अंक उनके लिए बीते तीन साल के सबसे अहम दो अंक हैं।

इस जीत के साथ आरसीबी ने कुल 15 अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। उसका अब प्लेऑफ में खेलना तय है। उसे अभी अपने घर में दिल्ली डेयरडेविल्स से एक मैच खेलना है, जो पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुका है।

मैच के बाद कोहली ने कहा, “ये बीते तीन सालों में हमारे लिए सबसे अहम दो अंक हैं। हैदराबाद की टीम हमारे लिए 2012 और 2013 में काफी महंगी पड़ी थी। यह जीत काफी सुखद है, क्योंकि हमें इन दो अंकों की वाकई जरूरत थी।”

कोहली ने इस मैच में 19 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। बारिश से बाधित मैच में आरसीबी को छह ओवरों में जीत के लिए 81 रनों का लक्ष्य मिला था। आरसीबी ने इस लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

आरसीबी की ओर से क्रिस गेल और कोहली ने पहले विकेट के लिए 2.2 ओवरों में 43 रनों की साझेदारी की। मोएसिस हेनरिक्स ने लगातार गेंदों पर अब्राहम डिविलियर्स और गेल को आउट कर आरसीबी की मुश्किल बढ़ाई, लेकिन कोहली ने अजेय रहते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493