बीबीसी ने देश के गौरव को ठेस पहुंचाई : पीड़िता का परिवार

नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। बीबीसी द्वारा 16 दिसंबर 2012 को राजधानी दिल्ली में हुए दुष्कर्म कांड पर बनाए गए वृत्तचित्र के प्रसारण पर पीड़िता के परिवार ने गुरुवार को कहा कि इस वृत्तचित्र से भारत के गौरव को ठेस पहुंची है।

दुष्कर्म पीड़िता के पिता ने कहा, “मैं इस बात से आश्चर्यचकित हूं कि अदालत द्वारा प्रसारण पर रोक के बावजूद बीबीसी ने इस वृत्तचित्र को प्रसारित किया और बाद में यूट्यूब पर भी अपलोड कर दिया। बीबीसी ने भारत के लोगों के गौरव को ठेस पहुंचाई है।”

वृत्तचित्र ‘इंडियाज डॉटर’ के प्रसारण पर उनकी प्रतिक्रिया पूछे जाने पर उन्होंने आईएएनएस से कहा कि इससे साफ तौर पर जहिर होता है कि बीबीसी को भारतीय कानून और हमारे देश का कोई डर नहीं है।

वृत्तचित्र पर उस समय विवाद बढ़ गया, जब दुष्कर्म के एक आरोपी मुकेश सिंह के बयानों ने सुर्खियां बटोरी थीं। उसने दुष्कर्म के लिए पीड़ित लड़की को जिम्मेदार ठहराया।

पीड़िता के पिता ने कहा कि वृत्तचित्र बनाने से पहले बीबीसी के फिल्मनिर्माता उनसे मिले थे, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया था कि वह दोषी का साक्षात्कार लेंगे।

फिल्मनिर्माताओं के साथ हुई अपनी बातचीत को याद करते हुए उन्होंने कहा, “वृत्तचित्र बनाने के बाद वे मेरे पास आए थे। वृत्तचित्र रिलीज करने से पहले वह एक कागज पर मेरे हस्ताक्षर चाहते थे, लेकिन मैंने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया था।”

उनकी पत्नी ने भी उनसे सहमति जताई।

पीड़िता की मां ने कहा, “अदालत के रोक के आदेश के बाद फिल्म का प्रसारण नहीं होना चाहिए।”

भारत के विरोध को दरकिनार करते हुए बीबीसी ने गुरुवार को वृत्तचित्र का प्रसारण कर दिया।

एक घंटे लंबे इस वृत्तचित्र को प्रसारण के बाद यूट्यूब पर अपलोड कर दिया गया। इससे यह वीडियो पूरी दुनिया के लिए उपलब्ध है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493