बीरबल झा को स्टार ऑफ एशिया अवार्ड (फोटो सहित)

नई दिल्ली, 20 दिसंबर (आईएएनएस)। ब्रिटिश लिंग्वा संस्थान के प्रबंध निदेशक एवं लेखक डॉ. बीरबल झा को इंटरनेशनल बिजनेस काउंसिल एंड इंडियन सॉलिडैरिटी काउंसिल की ओर से नई दिल्ली में स्टार ऑफ एशिया अवार्ड से सम्मानित किया गया। डॉ. झा को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।

यहां के सोसाइटी फॉर इंटरनेशनल लॉ के प्रांगण में स्थित कृष्ण मेनन भवन में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. भीष्म नारायण सिंह ने डॉ. झा को यह पुरस्कार प्रदान किया।

पूर्व राज्यपाल ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा जहां अपना महत्व खोती जा रही है और व्यावसायिकता हावी है, वहीं डॉ. झा ने अंग्रेजी शिक्षा को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाकर उनको सबल बनाया है, बल्कि सामाजिक सशक्तीकरण का भी मार्ग प्रशस्त किया है।

वयोवृद्ध गांधीवादी नेता ने कहा कि गांधीवाद और गांधी टोपी भारत के लोगों के मान-सम्मान से जुड़ी हुई है और आज की पीढ़ी को इसे जानने और अपनाने की जरूरत है।

वहीं, सीबीआई के पूर्व निदेशक जोगिन्दर सिंह ने कहा कि बिहार में जन्मे डॉ. झा जैसे लोग बिहार के अंदर व बाहर इसके ब्रांड एम्बेस्डर हैं। बिहार जैसे विकासशील राज्य में रोजगारपरक शिक्षा के लिए सभी को मिलकर बहुत सारे काम करने की जरूरत है।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल एवं सांसद वीरेन्द्र कटारिया, पूर्व सांसद जे.के. जैन सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493