बीसीसाआई ने रमन का इस्तीफा स्वीकार किए जाने की पुष्टि की (लीड-2)

मुम्बई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) सुंदर रमन ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रमन का इस्तीफा स्वीकार किए जाने की पुष्टि कर दी है।

सुंदर रमन आईपीएल की शुरुआत से ही इससे जुड़े रहे हैं। ललित मोदी जब आईपीएल चेयनमैन थे, तब सुंदर रमन उनके सबसे करीबी अधिकारी थे और उनके आईपीएल से बाहर होने के बाद सुंदर रमन ने एन. श्रीनिवासन के करीबी के तौर पर इसी पद पर लीग में काम किया।

रमन ने सोमवार को बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर को अपना इस्तीफा सौंप दिया। मनोहर ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। बीसीसीआई ने मंगलवार को इस सम्बंध में एक बयान जारी करते हुए इसकी पुष्टि की।

बयान में कहा गया है, “आईपीएल मुख्य परिचालन अधिकारी सुंदर रमन का इस्तीफा मंगलवार को स्वीकार कर लिया गया।”

आईपीएल-2013 से जुड़े स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाजी मामले में सुंदर रमन के खिलाफ भी जांच चल रही है। इस सम्बंध में सुंदर रमन को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित लोढ़ा समिति के सामने 15 नवम्बर को पेश होना था।

मनोहर ने बीते दिनों आयोजित बोर्ड की कार्यकारिणी की बैठक में जांच के घेरे में आए रमन के इस पद पर बने रहने की आलोचना की थी। रमन आधिकारिक तौर पर पांच नवम्बर को अपना पद त्यागेंगे।

लोढ़ा सामिति ने कुछ समय पहले अपने ऐतिहासिक फैसले के बाद कहा था कि रमन के खिलाफ आरोपों को लेकर फैसला बाद में सुनाया जाएगा क्योंकि उनके खिलाफ जांच अभी जारी है।

अब बीसीसीआई को आठ नवम्बर को मुम्बई में अपनी अगली वार्षिक आम बैठक (एजीएम) संचालित करनी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493