नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय ने मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए 58.66 लाख रुपये खर्च करने की इजाजत दे दी।
भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार से राजकोट में शुरू होने वाले मैच से पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला शुरू हो रही है।
प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति टी. एस. ठाकुर ने कहा कि बीसीसीआई तीन दिसंबर तक इंग्लैंड के खिलाफ चलने वाली श्रृंखला के अन्य मैचों के लिए भी इतनी ही राशि खर्च कर सकता है।
बीसीसीआई को खर्च करने की इजाजत देते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि यह राशि राजकोट या सौराष्ट्र क्रिकेट संघ को भुगतान के लिए जारी नहीं की गई है, बल्कि बीसीसीआई के साथ हुए करार के तहत खिलाड़ियों के भत्ते, बीमा राशि और तीसरे अंपायर के वेतन के लिए जारी की गई है।
dharmpath.com dharmpath