बुंदेलखंड : बारिश के साथ ओले से फसलें बर्बाद

महोबा, 27 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हिस्से वाले बुंदेलखंड के महोबा जिले में शुक्रवार तड़के बारिश के साथ गिरे ओलों से रबी की फसल को भारी नुकसान हुआ है। चरखारी में किसानों ने ओले और नष्ट फसल के साथ प्रदर्शन किया।

शुक्रवार तड़के महोबा जिले के कई गांवों में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से हजारों बीघा रबी की फसल चौपट हो गई है। अबकी बार पर्याप्त बारिश होने से किसानों ने नोटबंदी के बावजूद जुगाड़ करके रबी की फसलें बोई थी, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की एक बार फिर कमर तोड़ दी है।

गोरहारी गांव के तारिक खां, गुढ़ा गांव के छंगा राजपूत और रिवई गांव के बृजेश दुबे की अगुआई में एक सैकड़ों किसानों ने चरखारी के उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने ओला और नष्ट फसलों के साथ प्रदर्शन कर हल्का लेखपाल से मुआयना कराकर मुआवजे की मांग की है।

रिवई गांव के किसान बृजेश दुबे ने कहा,”चरखारी तहसील के दो दर्जन से अधिक गांवों की फसलें भीषण ओलावृष्टि से नष्ट हो गई हैं। इनमें गेहूं, सरसों, अरहर, चना का ज्यादा नुकसान हुआ है।”

उपजिलाधिकारी चरखारी मृदुल चौधरी ने कहा, “सभी गांवों के हल्का लेखपालों से मौके में पहुंच कर फसल के नुकसान की आंकलन आख्या मंगाई गई है। आख्या मिलने के बाद ही किसानों को वांछित सरकारी मुआवजा दिलाने की पहल की जाएगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493