लखनऊ, 9 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुए सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी को पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उप्र के पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने देर रात इसकी पुष्टी कर दी है। पुलिस महानिदेशालय के सूत्रों के मुताबिक मुख्य आरोपी सलीम बावरिया की शिनाख्त पीड़िता मां-बेटी ने कर ली है।
जावीद अहमद ने ट्वीट कर कहा, “बाकी के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।”
ज्ञात हो कि 29 जुलाई की रात हाईवे-91 पर नोएडा से शाहजहांपुर जाते समय कार सवार परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की गई तथा मां-बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीन दिन पहले पुलिस टीमों ने राजस्थान से लेकर सहारनपुर तक बावरियों के डेरों पर छापेमारी की और सलीम को दबोच लिया। इसके बाद उससे हापुड़ के थाने में गहन पूछताछ की गई।
आईजी जोन सुजीत कुमार पांडेय, बुलंदशहर एसएसपी अनीस अहमद अंसारी ने खुद पूछताछ की और जरूरी जानकारी हासिल करने के बाद पीड़ित मां-बेटी से सलीम की शिनाख्त कराई गई।
सूत्रों का दावा है कि पीड़ित मां-बेटी ने पुष्टि की है कि हाईवे का सबसे बड़ा हैवान सलीम ही है। सलीम भी पुलिस की सख्त पूछताछ में टूट गया और उसने वारदात में अपना हाथ कबूल कर लिया है। इसके बाद पुलिस की टीमों ने सलीम बावरिया को लेकर उसके फरार साथियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश देकर जुबैर व एक अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया।
dharmpath.com dharmpath