बेंगलुरु छेड़छाड़ मामले में दोनों आरोपियों की तलाश जारी (लीड-1)

बेंगलुरु, 4 जनवरी (आईएएनएस)। बेंगलुरु पुलिस ने नववर्ष पर एक महिला से छेड़छाड़ करने के आरोपी दो लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

बेंगलुरु के नए पुलिस आयुक्त प्रवीण सूद ने कहा, “हम रविवार की रात लगभग 2.41 बजे एक महिला से छेड़छाड़ करने वाले दो अज्ञात लोगों की तलाश कर रहे हैं। हमने इन दोनों के खिलाफ खुद ही प्राथमिकी दर्ज कर ली है।”

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त हेमंत निमबाल्कर ने आईएएनएस को बताया, “हमने एक शख्स द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस वीडियो में रविवार (नववर्ष) तड़के लगभग 2.41 बजे कमानाहल्ली में दो लोग एक महिला के साथ छेड़छाड़ करते देखे जा सकते हैं।”

सूद ने मीडियाकर्मियों को बताया, “कमानाहल्ली में हुई वारदात के वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता के पड़ोसी ने हमें यह वीडियो मुहैया कराया है।”

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़िता अपने घर की तरफ जा रही है, तभी स्कूटर पर सवार दो लोग उसका रास्ता रोकते हैं। उनमें से एक शख्स स्कूटर से उतरकर उसे जबरन पकड़कर हाथों में जकड़ लेता है और छेड़छाड़ करते हुए स्कूटर की तरफ खींचता है। महिला बचाव की पूरी कोशिश करती है और आरोपी को थप्पड़ मारती है।

निमबाल्कर ने कहा, “घटना की जांच और जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने के लिए एक विशेष दल का गठन किया गया है। हालांकि, अभी तक पीड़िता ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।”

इस वीडियो में महिला को अपने बचाव में सड़क पर गिरते हुए भी देखा जा सकता है, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। इस बीच मौके पर मौजूद कुछ लोग इस अत्यंत घृणास्पद घटना को कुछ दूर से देखते नजर आ रहे रहे हैं।

पीड़िता के पड़ोसी फ्रांसिस ने अपनी कार की सुरक्षा के लिए घर पर कैमरा लगा रखा है। उसी कैमरे में यह घटना कैद हो गई।

फ्रांसिस ने संवाददाताओं को बताया, “पीड़िता और उसके दोस्त मेरे पास आए और यह पता लगाया कि क्या कैमरे में वह घटना कैद हो गई है और क्या आरोपियों को पहचाना जा सकता है। मैंने वीडियो पुलिस को दे दिया है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।”

फ्रांसिस को बताया है कि पीड़िता और उसका दोस्त नए साल का जश्न मनाने के बाद ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई।

फ्रांसिस ने बताया कि महिला का दोस्त ऑटो से उतरकर जल्दी से घर में चला गया। महिला ऑटो का किराया चुकाने के बाद घर की तरफ बढ़ी जब दोनों आरोपी स्कूटर से वहां पहुंचे। उनमें से एक ने हाथों में जकड़कर महिला को खींचा।

पीड़िता ने फ्रांसिस से कहा कि आरोपी उसका अपहरण करना चाहते थे और उसे जबरन स्कूटर के आगे बैठाने की कोशिश कर रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493