बेंगलुरु टेस्ट : चायकाल तक आस्ट्रेलिया के 5 विकेट पर 163 रन

बेंगलुरु, 5 मार्च (आईएएनएस)। मैट रेनशॉ (60) की अर्धशतकीय पारी के दम पर आस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को चायकाल तक पांच विकेट के विकेट खोकर 163 रन बना लिए हैं।

पहली पारी के आधार पर आस्ट्रेलिया अभी 26 रन पीछे है। शॉन मार्श 38 रन बनाकर नाबाद हैं।

आस्ट्रेलिया ने भोजनकाल तक दो विकेट खोकर 80 रन बनाए थे। दिन के दूसरे सत्र में टीम की पारी को आगे बढ़ाने उतरे रेनशॉ और मार्श ने तीसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़कर स्कोर 134 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर रवींद्र जड़ेजा ने रिद्धिमान साहा के हाथों रेनशॉ को कैच आउट कर पवेलियन भेजा।

रेनशॉ ने अपनी पारी में खेली गईं 196 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनके आउट होने के बाद शॉन के साथ पीटर हैंड्सकॉम्ब (16) ने टीम की पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 26 रन ही जोड़े थे कि जड़ेजा ने रविचंद्रन अश्विन के हाथों हैंड्सकॉम्ब को कैच आउट करा आस्ट्रेलिया को एक और झटका दिया।

हैंड्सकॉम्ब के बाद शॉन का साथ देने आए मिशेल मार्श को ईशांत शर्मा ने खाता खोलने का भी मौका नहीं दिया और 80वें ओवर की आखिरी गेंद पर पगबाधा आउट कर टीम का पांचवां विकेट गिराया। इसके साथ ही चायकाल की घोषणा हुई।

इससे पहले, आस्ट्रेलिया ने भोजनकाल तक डेविड वार्नर (33) और स्टीव स्मिथ (8) के रूप में अपने दो विकेट गंवाए थे।

भारत के लिए जड़ेजा ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए। अश्विन और ईशांत को एक-एक सफलता मिली।

भारतीय टीम के लिए पहली पारी में लोकेश राहुल (90) के बाद करुण नायर (26) का योगदान सर्वाधिक है। भारत के निचले क्रम के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

चार मैचों की श्रृंखला में आस्ट्रेलिया 1-0 से आगे है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493