बिहार : पुलिस हिरासत में ग्रामीण की मौत, लोग नाराज

आरा, 5 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत के बाद रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगांे ने बड़हरा थाने पर हमला कर वहां खड़े कई वाहनों को फूंक दिया तथा थाने में जमकर तोड़फोड़ की।

इस क्रम में लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया। पुलिस को भीड़ को काबू में करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, “बड़हरा के रहने वाले राजमिस्त्री राम सजन उर्फ छेना को पुलिस उसकी ही बेटी की शिकायत पर पकड़कर थाने लाई थी। लड़की ने पिता पर शराब पीकर घर में मार-पीट व गाली-गलौच का आरोप लगाया था।”

परिजनों का आरोप है कि रास्ते में पुलिस ने छेना की जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस उसे जख्मी हालत में अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, पुलिस का कहना है कि छेना ने पुलिस हिरासत में जीप से कूदकर भागने की कोशिश की, जिससे उसे चोट लग गई और वह घायल हो गया।

जैसे ही लोगों को रविवार सुबह इस घटना की जानकारी हुई, वे आक्रोशित हो गए और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। इस क्रम में कुछ लोगों ने बड़हरा थाने पर हमला बोल दिया और वहां जमकर तोड़फोड़ की तथा थाना परिसर में खड़े कई वाहनों को आगे के हवाले कर दिया।

आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पत्थर फेंके, जिससे कई पुलिस वालों को चोटें आई हैं। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं तथा स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, परंतु तनाव बना हुआ है। पुलिस मृतक के परिजनों से बातचीत कर लोगों को शांत करने का प्रयास कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493