बेंगलुरू, 14 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार को भारत के साथ शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच में भोजनकाल तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 78 रन बना लिए हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी कर रही मेहमान टीम ने अब तक स्टीयान वान जिल (10), फाफ दू प्लेसिस (0) और हाशिम अमला (7) के विकेट गंवाए हैं। रविचंद्रन अश्वन ने अब तक दो विकेट लिए हैं जबकि एक सफलता वरुण एरॉन को मिली है।
अब्राहम डिविलियर्स 19 और डीन एल्गर 38 रनों पर नाबाद हैं। एल्गर ने अब तक 79 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्का लगाया है जबकि अपना 100वां टेस्ट खेल रहे डिविलियर्स ने 27 गेंदों की पारी में दो चौके लगाए हैं। दोनों चौथे विकेट के लिए अब तक 33 रन जोड़ चुके हैं।
जिल को 15 रन के कुल योग पर अश्विन ने पगबाधा आउट किया। जिल ने 20 गेंदों पर दो चौके लगाए। इसी योग पर अश्विन ने प्लेसिस को चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच कराया।
इसके बाद अमला और एल्गर ने तीसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। अमला को एरॉन ने एक सुंदर गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। अमला ने 18 गेंदों का सामना कर एक चौका लगाया।
चार मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। इसमें मोहाली में खेले गए पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका को 108 रनों से हराया था।
dharmpath.com dharmpath