बेंगलुरू में स्कूली छात्रा की गोली मार कर हत्या

बेंगलुरू, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। बेंगलुरू के एक स्कूल में एक कर्मचारी ने प्रणय निवेदन ठुकराने पर 18 वर्षीया छात्रा की गोली मार कर हत्या कर दी।

पुलिस आयुक्त एम.एन.रेड्डी ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया, “हमने आरोपी महेश (30) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो फरार है। उसकी धरपकड़ के लिए तीन विशेष टीम गठित की गई है।”

गौतमी बेंगलुरू के प्रगति स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। वह बेंगलुरू से 70 किलोमीटर दूर तुमकुर जिले के पावागड़ से ताल्लुक रखती थी और छात्रावास में रहती थी।

रेड्डी ने बताया, “गोलीबारी में घायल गौतमी की दोस्त सिरिशा के मुताबिक, हमलावर मंगलवार रात 11 बजे तीसरी मंजिल पर पहुंच गया, जहां गौतमी का कमरा था। उसके दरवाजा खटखटाने पर जब गौतमी ने दरवाजा खोला तो महेश ने गोलीबारी शुरू कर दी।”

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि गौतमी को गोली क्यों मारी गई, लेकिन पुलिस का अंदेशा है कि उसने प्रणय निवेदन ठुकराए जाने पर गौतमी को गोली मार दी।

रेड्डी ने कहा, “हमें स्कूल प्रशासन से जानकारी मिली है कि महेश पिछले दो सालों से स्कूल में काम कर रहा था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493