बेल्जियम : हवाईअड्डा सुरक्षा विवाद पर परिवहन मंत्री का इस्तीफा

ब्रसेल्स, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के हवाईअड्डों की सुरक्षा खामियों पर चेतावनी देती एक रपट पर कार्रवाई करने में नाकाम रहने के आरोपों के बाद बेल्जियम की परिवहन मंत्री ने इस्तीफा दे दिया है।

समाचार पत्र ‘द गार्जियन’ की रपट के मुताबिक, विपक्षी पार्टियों के दबाव के बाद जैकलिन गेलांट ने शुक्रवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया। बेल्जियम के हवाईअड्डों पर सुरक्षा खामियों की निंदा करती यूरोपीय आयोग की दो रपटों को लेकर उनसे जवाब मांगा गया था।

ब्रसेल्स हवाईअड्डे और शहर की मेट्रो प्रणाली पर हमलों के बाद एक महीने से भी कम समय में उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया है। हमले में 32 लोग मारे गए थे और 300 से भी ज्यादा घायल हो गए थे।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री चार्ल्स माइकल ने कहा है कि उन्होंने जैकलिन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

गेलांट पर दबाव गुरुवार रात चरम पर पहुंच गया, जब देश के दो हवाईअड्डों पर सुरक्षा खामियों की निंदा करती यूरोपीय आयोग की दो रपटें संसद में पेश की गईं। मीडिया में ये रपटें पहले ही जारी हो चुकी थीं।

रपटों में सबसे हालिया जून 2015 की रपट थी। इसमें बेल्जियम के हवाईअड्डों पर सुरक्षा में गंभीर खामियों की निंदा की गई थी।

रपटों में सुरक्षा जांच के लिए संसाधनों की कमी, राष्ट्रीय सुरक्षा योजना के अभाव और अपर्याप्त कर्मचारी प्रशिक्षण का जिक्र किया गया है।

गेलांट ने इससे पहले कहा था कि उन्हें रपटों के बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन उनके विरोधियों का कहना था कि उनके पास सबूत हैं कि 2015 की रपट उनके मंत्रिमंडल को भेजी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493