नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अपनी मॉस्को यात्रा के दौरान रूसी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में आग लगने से दो भारतीय छात्राओं की हुई मौत और एक अन्य मेडिकल छात्र की रूसी शहर में हत्या का मुद्दा उठाएंगी। मेडिकल छात्र श्रीनगर का था। स्वराज 18 अप्रैल को मॉस्को जाएंगी।
सुषमा पहले तेहरान जाएंगी और वहां से रूस-भारत-चीन (आरआईसी) के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने मॉस्को जाएंगी।
तेहरान जाने से पहले शनिवार को ट्वीट कर सुषमा ने कहा, “मॉस्को जा रही हूं। अग्निकांड में पूजा कल्लुर और कृष्णा भोसले की मौत की जांच रपट मेरे एजेंडे में है।”
क ल्लुर (22) नवी मुंबई की थी और उसकी कमरे की साथी भोसले (21) पुणे की थी। गत 14 फरवरी को स्मोलेंस्क राजकीय मेडिकल अकादमी के छात्रावास में आग लगने से दोनों की मौत गई थी। स्मोलेंस्क मॉस्को से 380 किलोमीटर दूर है।
सुषमा ने अलग से ट्वीट कर कहा कि वह भारतीय नागरिक जावेद यासीर का मुद्दा भी उठाएंगी। जावेद श्रीनगर का रहने वाला था। रूसी शहर कजान में आज्ञात लोगों के हमले में उसकी मौत हो गई थी।
मेडिकल छात्र जावेद व्यापार के सिलसिले में 26 फरवरी को रूस गया था। ततरस्तान गणराज्य के कजान शहर में अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह अचेतन अवस्था में चला गया। आठ मार्च को उसकी मौत हो गई।
dharmpath.com dharmpath