बैंकाक विस्फोट मामले में पुलिस को महिला की तलाश

बैंकाक, 21 अगस्त (आईएएनएस)। थाइलैंड की राजधानी में एक मंदिर में हुए विस्फोट मामले में थाई पुलिस एक महिला की सरगर्मी से तलाश कर रही है, जिसने काली कमीज पहन रखी थी।

रॉयल थाई पुलिस के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल प्रवुत थवॉर्नसिरी ने कहा, “मैं उससे अनुरोध करूंगा कि वह सामने आकर पुलिस को सूचना दे।”

‘सीएनएन’ की एक रपट के मुताबिक, हालांकि उस महिला के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।

प्रवुत ने कहा, “सोमवार को हुए बम विस्फोट से पहले सीसीटीवी में मंदिर में जाते हुए दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि दोनों का संबंध हमले से है।”

इसी बीच, पुलिस ने हमले के मुख्य संदिग्ध के रूप में एक विदेशी का हाथ होने की ओर संकेत करते हुए कहा कि उसे मंदिर में बम विस्फोट से पहले एक बेंच के नीचे पीठ पर लटकाया जाने वाला थैला छिपाते देखा गया।

रॉयल थाई पुलिस के आयुक्त जनरल सोमयोत पुमपानमोंग ने कहा कि हमले की साजिश करने और इसे अंजाम देने में कई गिरोह संलिप्त हैं।

उन्होंने कहा, “इस हमले को एक बड़े नेटवर्क के माध्यम से अंजाम दिया गया है।”

अधिकारियों ने कहा कि थाई सुरक्षा बल इंटरपोल व संबद्ध देशों की खुफिया एजेंसियों से सूचनाएं साझा कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493