मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता रितेश देशमुख की ‘बैंगिस्तान’ और अजय देवगन की ‘दृश्यम’ एक ही दिन रिलीज होनी हैं। रितेश का कहना है कि दोनों फिल्म के निर्माता इस ‘टक्कर’ को लेकर बेफिक्र हैं।
रितेश ने आईएएनएस को बताया, “एक साल में सिर्फ 52 सप्ताह होते हैं और हर साल करीब 200 फिल्में रिलीज होती हैं। इस हिसाब से हर सप्ताह चार फिल्में रिलीज होनी चाहिए। हम खुशकिस्मत हैं कि सिर्फ दो फिल्में साथ रिलीज हो रही हैं। हमें पर्याप्त सिनेमाघर मिल रहे हैं। उन्हें (फिल्मकारों) जरूरत के मुताबिक सिनेमाघर मिल रहे हैं, तो दोनों इन फिल्मों की रिलीज से खुश हैं। मुझे यकीन है कि दोनों फिल्में कमाल की हैं।”
रितेश ने यह भी कहा कि फिल्मों की इस टक्कर से उनके और ‘दृश्यम’ के निर्माता निशीकांत कामत (उनके दोस्त) के रिश्तों में कोई फर्क नहीं पड़ा है।
उन्होंने कहा, “हम एक-दूसरे को प्यार करते हैं और एक-दूसरे के लिए सर्वश्रेष्ठ की उम्मीद करते हैं।”
कर्ण अंशुमान निर्देशित ‘बैंगिस्तान’ में जैकलीन फर्नाडीज और पुलकित सम्राट भी हैं।
dharmpath.com dharmpath