बैग बचाने की कोशिश में सीआईएसएफ उपनिरीक्षक ट्रेन से गिरीं

गुना, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के गुना जिले में यात्रा के दौरान लुटेरे से बैग बचाने की कोशिश में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की उपनिरीक्षक सुमन डागर ट्रेन से गिर गईं। इस घटना में उन्हें काफी चोटें आई हैं, लेकिन वह अपना बैग नहीं बचा पाईं। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

गुना जीआरपी के थाना प्रभारी आर.वी.एस. परिहार ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि अजमेर से जबलपुर जाने वाली दयोदय एक्सप्रेस के तृतीय श्रेणी के वातानुकूलित डिब्बे में सीआईएसएसफ की उपनिरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) सुमन डागर शनिवार की रात यात्रा कर रही थीं। स्टेशन आने से पहले ही वह अपना सामान लेकर गेट पर आ गईं। इस दौरान एक युवक डिब्बे के गेट पर लटका हुआ था। डागर ने जैसे ही दरवाजा खोला, लुटेरे ने उनके कंधे से बैग छीनने की कोशिश की। इस छीनाझपटी में डागर ट्रेन से नीचे गिर गईं। हालांकि वह अपना बैग नहीं बचा पाईं और लुटेरा उसे लेकर फरार हो गया।

जीआरपी में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर परिहार ने बताया कि रुठियाई स्टेशन आने से पहले गाड़ी आउटर पर रुकी थी। इस दौरान डागर अपना सामान लेकर कोच के दरवाजे पर आ चुकी थीं और उन्होंने जब दरवाजा खोला तब यह वारदात हुई। डागर के बैग में जरूरी दस्तावेजों के साथ पांच हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन भी थे।

परिहार ने आगे बताया कि जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। डागर को हाथ व पैर में चोटें आई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493