बैडमिंटन : कोरिया ओपन के फाइनल में पहुंचे जयराम (लीड-1)

सियोल, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अजय जयराम ने शनिवार को बड़ा उलटफेर करते हुए सातवीं विश्व वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे के चोऊ तिएन चेन को मात देकर छह लाख डॉलर इनामी राशि वाले कोरिया ओपन सुपरसीरीज के पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

32वें विश्व वरीयता प्राप्त जयराम ने चिएन तेन को सीधे गेमों में 21-19, 21-15 से हराया।

जयराम ने मात्र 44 मिनट में चिएन तेन को मात दे दी। हालांकि फाइनल में उनके सामने अब और बड़ी चुनौती है।

जयराम रविवार को सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त तथा विश्व चैम्पियनशिप के लगातार दो बार से विजेता चीन के चेन लोंग से फाइनल में भिड़ेंगे।

जयराम ने मैच के बाद आईएएनएस से कहा, “मेरे लिए आज की जीत काफी बड़ी है। रणनीतिक और मानसिक तौर पर मैंने बेहतर प्रदर्शन किया। इससे पहले इसी वर्ष मैं उनके खिलाफ दो हार झेल चुका था। आज के मैच में मैंने काफी धैर्य रखा। नेट से मैंने खेल पर ठीक-ठीक नियंत्रण रखा और अपने अटैक में लगातार विविधता लाता रहा।”

जयराम ने कहा, “करियर के पहले सुपरसीरीज फाइनल में खेलने को लेकर मैं बेहद रोमांचित हूं। लेकिन पिछले कुछ मैचों को दिमाग से हटाकर मैं पूरा ध्यान रविवार के मैच पर लगाउंगा। मुझे पता है कि यह कठिन होने वाला है। इसलिए मैं पूरी तरह सकारात्मक और आत्मविश्वास से भरा हुआ हूं और उम्मीद है अपना सर्वश्रेष्ठ दे पाऊंगा।”

पहले गेम की शुरुआत से ही लग गया था कि जयराम आसानी से मैच छोड़ने वाले नहीं हैं। जयराम एक समय 11-8 से आगे चल रहे थे कि चिएन तेन ने लगातार सात अंक हासिल करते हुए 15-11 की बढ़त बना ली।

जयराम ने भी इसके बाद गियर बदलते हुए स्कोर 16-16 से बराबर किया और बेहद कड़ा संघर्ष करते हुए पहला गेम 21-19 से अपने नाम कर लिया।

जयराम पहला गेम जीतने के बाद दूसरे गेम में ऊंचे मनोबल के साथ उतरे।

उन्होंने आक्रामक शुरुआत करते हुए शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। हालांकि एक समय 6-10 से पीछे चल रहे चिएन तेन ने वापसी करते हुए स्कोर 12-12 से बराबर कर लिया। जयराम ने लेकिन इसके बाद शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरी छह अंक लगातार अर्जित करते हुए मैच पर कब्जा कर लिया।

इसके साथ ही जयराम ने चिएन तेन के खिलाफ अपने जीत-हार के आंकड़े को 3-2 कर लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493