बैडमिंटन : कोरिया ओपन के फाइनल में पहुंचे जयराम

सियोल, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अजय जयराम ने शनिवार को बड़ा उलटफेर करते हुए सातवीं विश्व वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे के चोऊ तिएन चेन को मात देकर छह लाख डॉलर इनामी राशि वाले कोरिया ओपन सुपरसीरीज के पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

32वें विश्व वरीयता प्राप्त जयराम ने चिएन तेन को सीधे गेमों में 21-19, 21-15 से हराया।

पहले गेम की शुरुआत से ही लग गया था कि जयराम आसानी से मैच छोड़ने वाले नहीं हैं। जयराम एक समय 11-8 से आगे चल रहे थे कि चिएन तेन ने लगातार सात अंक हासिल करते हुए 15-11 की बढ़त बना ली।

जयराम ने भी इसके बाद गियर बदलते हुए स्कोर 16-16 से बराबर किया और बेहद कड़ा संघर्ष करते हुए पहला गेम 21-19 से अपने नाम कर लिया।

जयराम पहला गेम जीतने के बाद दूसरे गेम में ऊंचे मनोबल के साथ उतरे।

उन्होंने आक्रामक शुरुआत करते हुए शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। हालांकि एक समय 6-10 से पीछे चल रहे चिएन तेन ने वापसी करते हुए स्कोर 12-12 से बराबर कर लिया। जयराम ने लेकिन इसके बाद शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरी छह अंक लगातार अर्जित करते हुए मैच पर कब्जा कर लिया।

इसके साथ ही जयराम ने चिएन तेन के खिलाफ अपने जीत-हार के आंकड़े को 3-2 कर लिया।

जयराम अब फाइनल मुकाबले में रविवार को सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त चीन के चेन लोंग का सामना करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493