अंग्रेजों की तरह केंद्र सरकार को भी झुकना पड़ा : आजाद

बेतिया (बिहार), 19 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने यहां शनिवार को कहा कि जिस प्रकार देश की आजादी में अंग्रेजों को झुकना पड़ा था उसी प्रकार केंद्र सरकार को भी भूमि अधिग्रहण विधेयक को लेकर किसानों के सामने झुकना पड़ा।

पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर में कांग्रेस द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज फिरंगियों की तरह ही केंद्र सरकार किसानों के साथ व्यवहार कर रही है।

आजाद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी ने जितने भी वादे किए थे उसमें से अब तक एक भी पूरा नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा, “कुछ लोग काम करते हैं और कुछ लोग केवल धोखा देने आते हैं। इस चुनाव में भी ऐसे लोग आएंगे और फिर कई तरह के वादे करेंगे।”

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज लोग विकास के लिए गुजरात मॉडल की बात कर रहे हैं परंतु वे लोग यह भूल जाते हैं कि गुजरात के विकास में बिहारियों का भी हाथ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास देश के लिए बलिदान का रहा है। भाजपा को भी अपना इतिहास बताना चाहिए। भाजपा को सांप्रदायिक पार्टी बताते हुए उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांप्रदायिक पार्टियों को अपने क्षेत्र में नहीं घुसने दें नहीं तो बिहार का माहौल भी दूषित होगा।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर निशाना साधते हुए इसे अहंकारियों का गठबंधन बताया।

उन्होंने कहा, “राजग के लोग बिहारियों को खरीदने की बात करते हैं परंतु बिहार के लोग बिकाऊ नहीं टिकाऊ होते हैं।”

उन्होंने इशारों ही इशारों में नरेन्द्र मोदी को ठग बताते हुए कहा कि चोर आता है तो चोरी कर जाता है, डकैत डकैती कर जाता है परंतु जब ठग आता है तो मीठी-मीठी बातें कर लोगों को ठग कर जाता है। इसी कारण बिहार के लोगों को अब सावधान हो जाने की जरूरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493