नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। दिग्गज भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस अगले वर्ष ब्राजीलियाई शहर रियो डी जनेरियो की मेजबानी में होने वाले ओलम्पिक में रोहन बोपन्ना के साथ खेनले को उत्सुक हैं।
पेस ने कहा है कि बोपन्ना की जोड़ी में वह पुरुष युगल वर्ग का ओलम्पिक खिताब जीत सकते हैं।
चेक गणराज्य के खिलाफ यहां जारी डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप प्लेऑफ मुकाबले में हिस्सा ले रहे पेस ने कहा, “बोपन्ना शानदार खिलाड़ी हैं। मुझे उनमें पूरा विश्वास है और मुझे यह भी विश्वास है कि हम साथ-साथ ओलम्पिक पदक जीत सकते हैं।”
पेस हालांकि शनिवार को चेक गणराज्य के खिलाफ युगल वर्ग का मुकाबला हार गए। पेस और बोपन्ना को युगल मुकाबले में राडेक स्टेपानेक और एडम पावलासेक की चेक जोड़ी ने 7-5, 6-2, 6-2 से हराया। यह मैच दो घंटे नौ मिनट चला।
टेनिस में ओलम्पिक पदक जीतने वाले पेस भारत के एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने अटलांडा ओलम्पिक-1996 में पुरुष एकल वर्ग का कांस्य पदक जीता था।
पेस ने कहा, “यह हमारे खुद पर विश्वास पर निर्भर करता है, क्योंकि हम दोनों अच्छी टेनिस खेलते हैं और शारीरिक रूप से भी फिट हैं। रोहन के रूप में मुझे एक शानदार जोड़ीदार मिला है। उनमें टेनिस कूट-कूट कर भरा हुआ है। मुझे उनकी काबिलियत पर पूरा विश्वास है।”
dharmpath.com dharmpath