नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। चेक गणराज्य के अग्रणी टेनिस खिलाड़ी राडेक स्टेपानेक ने कहा है कि वह भारत से चाय की पत्ती और रम जैसी कुछ खास चीजें अपने परिवार वालों और मित्रों के लिए घर ले जाएंगे।
स्टेपानेक इस समय डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप प्लेऑफ मुकाबलों के लिए चेक गणराज्य की टीम के सदस्य के तौर पर भारत में हैं।
रविवार को स्टेपानेक ने हमवतन जोड़ीदार एडम पावलासेक के साथ दिग्गज भारतीय लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना की जोड़ी को 7-5, 6-2, 6-2 से हराया।
मैच के बाद आईएएनएस ने जब उनसे पूछा कि क्या उन्होंने कुछ भारतीय व्यंजनों का स्वाद लिया तो उन्होंने कहा, “नहीं, अब तक को नहीं, लेकिन मैं और मेरे साथी खिलाड़ी अपने साथ चाय और भारतीय रम जैसी कुछ खास चीजें अपने साथ घर ले जाने वाले हैं।”
स्टेपानेक ने कहा, “मैंने भारतीय रम के बारे में काफी सुन रखा है, इसलिए मैं अपने दोस्तों और परिवार वालों के लिए यहां से कुछ रम ले जाने वाला हूं।”
रविवार को इस जीत के साथ चेक गणराज्य ने भारत पर 2-1 से बढ़त बना ली है। पहले दिन युकी भांबरी पहला मैच हार गए थे, जबकि सोमदेव देववर्मन ने जीत हासिल कर भारत को 1-1 से बराबरी दिला दी थी।
अब रविवार को युकी और सोमदेव रिवर्स एकल मुकाबले खेलेंगे।
dharmpath.com dharmpath