चांग्झू (चीन), 21 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत के अग्रणी बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु और किदांबी श्रीकांत को यहां जारी चीन ओपन टूर्नामेंट में गुरुवार को अपने-अपने मुकाबलों में असफलता हाथ लगी।
सिंधु और श्रीकांत क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में मिली हार के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और उनके साथ ही चीन ओपन में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई है।
सबसे अहम बात यह है कि सिंधु और श्रीकांत दोनों की दूसरे चीन ओपन खिताब के लिए संघर्ष कर रहे थे और दोनों को ही निराशा हाथ लगी।
वर्ल्ड नंबर-8 श्रीकांत को पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जापान के वर्ल्ड नंबर-2 केंटो मोमोटा से हार मिली। मोमोटा ने उन्हें 28 मिनट में सीधे गेमों में 21-9, 21-11 से मात दी।
श्रीकांत भारत के पहले ऐसे पुरुष खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस खिताब को जीता है। उन्होंने 2014 में चीन ओपन टूर्नामेंट अपने नाम किया था। हालांकि, वह दूसरी बार इसे जीत नहीं पाए।
इसके अलावा, वर्ल्ड नम्बर-3 सिंधु को चीन ओपन के महिला एकल वर्ग में गुरुवार को निराशा हाथ लगी। इस हार के कारण सिंधु भी दूसरी बार चीन ओपन खिताब जीतने से चूक गईं। उन्होंने 2016 में इस टूर्नामेंट को अपने नाम किया था।
सिंधु को महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में चीन की चेन युफेई ने मात दी। वर्ल्ड नम्बर-6 युफेई ने 51 मिनटों तक चले मुकाबले में रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता सिंधु को 21-11, 11-21, 21-15 से मात देकर सेमीफाइनल में कदम रखा।
dharmpath.com dharmpath