टोक्यो, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल 275,000 डॉलर इनामी राशि वाले जापान ओपन सुपरसीरीज में गुरुवार को दूसरे दौर में हारकर बाहर हो गईं।
उधर पुरुष एकल वर्ग में एच. एस. प्रनॉय और किंदाम्बी श्रीकांत को भी दूसरे दौर में हार मिली लेकिन राष्ट्रमंडल खेल चैम्पियन पारुपल्ली कश्यप को जीत मिली। कश्यप ने ही श्रीकांत को बाहर का रास्ता दिखाया।
कश्यप ने श्रीकांत को 45 मिनट चले मुकाबले में 21-11, 21-19 से हराया। वह अब क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। विश्व के आठवें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कश्यप की श्रीकांत पर दो मुकाबलों में यह दूसरी जीत है।
मंगलवार को 29वां जन्मदिन मनाने वाले कश्यप अगले दौर में चीनी ताइपे के चोउ तेन चेन से भिड़ेंगे। चेन के खिलाफ कश्यप ने अब तक तीन मुकाबले खेले हैं, जिनमें से दो में उन्हें जीत मिली है।
सायना महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में जापान की मिनात्सु मितानी के हाथों 13-21, 16-21 से हार गईं। सायना सिर्फ 40 मिनट तक मितानी के खिलाफ संघर्ष कर सकीं।
सायना की हार के साथ ही महिला एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। इससे पहले बुधवार को पी. वी. सिंधु पहले ही दौर से हारकर बाहर हो चुकी हैं।
प्रनॉय को दक्षिण कोरिया के लीयो डोंग क्यून ने 43 मिनट में 21-9, 21-16 से हराया।
dharmpath.com dharmpath