पटना, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने गुरुवार को टेलीफोन पर आईएएनएस को बताया कि पार्टी की बिहार प्रदेश कमेटी द्वारा 50 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव मिला है। केन्द्रीय कमेटी जल्द ही इस पर फैसला करेगी।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल (युनाइटेड) के महागठबंधन में शामिल होने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि झामुमो बिहार विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ने का फैसला कर चुका है। पार्टी झारखंड की सीमा से लगे सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी 62 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। चकाई से सुमित कुमार सिंह ने झामुमो के टिकट पर जीत हासिल की थी। सुमित कुछ महीनों के बाद सत्तारूढ़ जद (यू) में शामिल हो गए थे।
dharmpath.com dharmpath