बैडमिंटन : थाईलैंड ओपन में एकमात्र भारतीय चुनौती सिंधु (राउंडअप)

बैंकॉक, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु थाईलैंड ओपन में भारतीय चुनौती पेश करने वाली एकमात्र खिलाड़ी रह गई हैं।

वर्ल्ड नम्बर-3 सिंधु ने गुरुवार को महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके अलावा, अन्य सभी मुकाबलों में भारत को निराशा हाथ लगी।

रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता सिंधु ने महिला एकल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में हांगकागं की यिप पुइ इन को मात दी। सिंधु ने वर्ल्ड नम्बर-33 यिप को 36 मिनटों के भीतर सीधे गेमों में 21-16, 21-14 से हराकर अंतिम-8 में कदम रखा, जहां उनका सामना मलेशिया की सोनिया ची से होगा।

इसके अलावा, पुरुष युगल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में मनु अत्री और बी. सुमित रेड्डी की जोड़ी को हार मिली। उन्हें जापान की हिरोयुकी एंडो और युता वटानबे की जोड़ी ने एक घंटे और छह मिनट में 22-24, 21-13, 21-19 से मात देकर बाहर किया।

भारतीय पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप और एच.एस. प्रणॉय को गुरुवार को निराशा हाथ लगी। कश्यप को पुरुष एकल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में जापान के केंटा सुनेयामा ने मात देकर बाहर का रास्ता दिखाया।

सुनेयामा ने एक घंटे और आठ मिनट तक चले इस संघर्षपूर्ण मैच में भारतीय खिलाड़ी कश्यप को 21-18, 18-21, 21-19 से मात दी और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

कश्यप और सुनेयामा पहली बार एक-दूसरे से भिड़े थे। ऐसे में इस मैच को जीतकर जापानी खिलाड़ी ने कश्यप के खिलाफ मुकाबलों के आंकड़ों में 1-0 की बढ़त बना ली है।

इससे पहले, प्रणॉय को भी हार का सामना करना पड़ा। वह प्री-क्वार्टर फाइनल के एक अन्य मैच में इंडोनेशिया के खिलाड़ी सोनी ड्वी कुनकोरो के हाथों उलटफेर का शिकार हुए।

वर्ल्ड नम्बर-11 प्रणॉय को वर्ल्ड नम्बर-80 कुनकोरो ने प्रणॉय को 35 मिनट के भीतर सीधे गेमों में 21-18, 21-14 से मात दी और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश हासिल किया।

दोनों का सामना अब तक दो बार हुआ था और दोनों बार प्रणॉय ने जीत हासिल की थी। ऐसे में इस तीसरे मुकाबले में कुनकोरो ने भारतीय खिलाड़ी को हराकर एक मैच की हार का बदला पूरा किया है।

कश्यप और प्रणॉय की हार के साथ ही पुरुष एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है। भारत के अग्रणी बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था।

सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी की मिश्रित युगल जोड़ी को प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान की युकी कानेको और मायु मात्सुमोटो की जोड़ी से हार मिली।

युकी और मायु की क्वालीफायर जोड़ी ने अश्विनी और सात्विक को मिश्रित युगल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में केवल 29 मिनट के भीतर सीधे गेमों में 21-11, 21-16 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493