बैडमिंटन : मकाउ ओपन के मुख्य ड्रॉ में मिथुन

मकाउ सिटी (मकाउ), 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। अच्छे प्रदर्शन के दम पर क्वालीफायर की चुनौती को पार करते हुए भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मिथुन मंजूनाथ ने मंगलवार को मकाउ ओपन के मुख्य ड्रॉ में प्रवेश कर लिया है।

मिथुन के अलावा, अन्य दो भारतीय पुरुष खिलाड़ी राहुल यादव और सिद्धार्थ प्रताप सिंह को निराशा हाथ लगी।

मिथुन ने पुरुष एकल वर्ग के क्वालीफायर में पहले चीनी ताइपे के ली चिया हाओ और दूसरे दौर में उनके हमवतन शीह कुवेई चुन को मात दी।

भारतीय खिलाड़ी मिथुन ने क्वालीफायर के पहले दौर में ली को 12-21, 21-14, 21-6 से मात दी। इसके बाद, उन्होंने दूसरे दौर में शीह को 19-21, 23-21, 21-14 से हराकर मुख्य ड्रॉ में स्थान हासिल किया।

मकाउ ओपन के मुख्य ड्रॉ के पहले दौर में मिथुन का सामना इंडोनेशिया के खिलाड़ी फिरमान अब्दुल खोलिक से होगा।

राहुल को अपने पहले क्वालीफायर मुकाबले में इंडोनेशिया के खिलाड़ी चीको ऑरा ने सीधे गेमों में 21-12, 21-11 से मात दी।

एक अन्य भारतीय खिलाड़ी सिद्धार्थ ने पहले क्वालीफायर मुकाबले में इंडोनेशिया के ही खिलाड़ी आंद्रे मार्टीन को 21-16, 21-17 से मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया, लेकिन अगले दौर में उन्हें चीन के खिलाड़ी झोउ जेकी ने 21-18, 21-9 से मात देकर बाहर कर दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493