न्यूयार्क, 21 जून (आईएएनएस)। भारत के मनु अत्री और बी. सुमित रेड्डी की पुरुष युगल बैडमिंटन जोड़ी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए 120,000 डॉलर इनामी राशि वाले यूएस ओपन ग्रां प्रिक्स गोल्ड टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई। वहीं, बी. साई प्रणीत को पुरुष एकल जबकि ज्वाला गुट्टा तथा अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को महिला युगल वर्ग के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
मनु-सुमित ने शनिवार को सेमीफाइनल में चौथे वरीय जापान के टाकेसी कामुरा और किगो सोनोडा को 34 मिनट में 21-17, 21-17 से हराया। भारतीय जोड़ी इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में दूसरे वरीय जापान के हिरोकात्सु हासिमोटो और नोरियासु को हरा चुकी थी।
फाइनल में मनु और सुमित की जोड़ी अब चीन के ली जुनहुई और लियू यूचेन से भिड़ेगी। चीनी जोड़ी ने सेमीफाइनल में जापान के टाकुरा होकी और युगो कोबायाशी को 49 मिनट में 21-17, 18-21, 21-11 से हराया।
पुरुष एकल में हालांकि भारत को निराशा मिली। टूर्नामेंट में 16वें वरीय साई को विश्व के पूर्व शीर्ष वरीय खिलाड़ी मलेशिया के ली चोंग वेइ ने 34 मिनट में 21-9, 21-17 से हराया। इस जीत के बाद वेइ का साई के साथ जीत-हार का क्रम 3-0 हो गया।
वेइ अब फाइनल में डेनमार्क के हांस-क्रिस्टियान विटिंगुस से भिड़ेंगे।
महिला युगल वर्ग में विश्व चैम्पियनशिप-2011 की कांस्य पदक विजेता रही ज्वाला और पोनप्पा की जोड़ी को सेमीफाइनल में जापान की एयाने कुरिहारा और नारू शिनोया ने 38 मिनट में 21-17, 21-11 से हराया।
dharmpath.com dharmpath