शंघाई (चीन), 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी सौरभ वर्मा ने जापान के केंतो होरीउची को मात देकर चीनी ताइपे मास्टर्स टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
विश्व के 773वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी केंतो को शुक्रवार को पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सौरभ ने 31 मिनट के भीतर 7-11, 11-1, 11-3, 11-7 से मात दी।
सेमीफाइनल में शनिवार को सौरभ का सामना टूर्नामेंट के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी चीनी ताइपे के हु जेन हाओ से होगा। सौरभ को इस आयोजन में कोई वरीयता नहीं मिली है। हाओ विश्व वरीयता में 22वें नम्बर के खिलाड़ी हैं।
इन दोनों के बीच अब तक चार मुकाबले हुए हैं, जिनमें से तीन में सौरभ विजयी रहे हैं। अंतिम बार दोनों का सामना 2014 में ऑस्ट्रियन इंटरनेशनल चैलेंज में हुआ था, जिसमें सौरभ की जीत हुई थी।
चीनी ताइपे के हाओ ने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मलेशिया के चुन सांग तान को एक घंटे दो मिनट के भीतर 6-11 11-4 13-15 11-5 11-9 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।
dharmpath.com dharmpath