बैंकॉक, 2 जून (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल और बी.साई प्रणीत ने शुक्रवार को थाईलैंड ओपन ग्रां प्री टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
सायना ने महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जापान की हारुका सुजुकी को मात देते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं प्रणीत ने थाईलैंड के कांटाफोन वांगचारोएन को मात देते हुए सेमीफाइनल का सफर तय किया।
लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक जीतने वाली सायना ने सुजुकी को 21-15, 20-22, 21-11 से मात दी।
प्रणीत ने वांगचारोएन को सीधे गेम में 21-16, 21-17 से मात दी। तीसरी वरीय भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम रखा और अंत तक उसे बनाए रखते हुए जीत हासिल की।
सायना ने सुजुकी के खिलाफ पहले गेम में अपना बेहतरीन खेल दिखाते हुए पटखनी दी। लेकिन, जापानी खिलाड़ी ने अगले गेम में वापसी की और सायना को मात देते हुए मुकाबला तीसरे गेम में ले गईं।
अंतिम गेम में सायना ने फिर लय पकड़ी और जापानी खिलाड़ी को मात देते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
dharmpath.com dharmpath