बोपन्ना ने डेविस कप से नाम वापस लिया

नई दिल्ली, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष पुरुष युगल टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने घुटने की चोट के कारण डेविस कप से अपना नाम वापस ले लिया है।

भारत को डेविस कप विश्व ग्रुप प्लेऑफ मुकाबले में स्पेन के खिलाफ 16 से 18 सितंबर के बीच खेलना है।

अखिल भारतीय टेनिस महासंघ (एआईटीए) ने कहा है, “बोपन्ना ने चयन समिति के अध्यक्ष को बता दिया है कि अमेरिकी ओपन के दौरान घुटने में लगी चोट के कारण उन्हें दो सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी गई है।”

उन्होंने बताया, “इसलिए उन्होंने स्पेन के खिलाफ 16 से 18 सितंबर के बीच होने वाले डेविस कप के मुकाबले से अपना नाम वापस लेने का अनुरोध किया है। उनके इस अनुरोध को समिति ने मंजूर कर लिया है।”

एआईटीए के चयनकर्ताओं ने बोपन्ना की जगह सुमित नागल को टीम में शामिल किया है। नागल ने पिछले साल जूनियर विंबलडन युगल चैम्पियनशिप का खिताब जीता था।

साकेत मायनेनी और रामकुमार रामनाथन डेविस कप में एकल मुकाबले खेल सकते हैं जबकि वरिष्ठ खिलाड़ी लिएंडर पेस और नागल युगल मुकाबले में साथ उतर सकते हैं।

स्पेन डेविस कप के इस मुकाबले में अपनी मजबूत टीम उतारेगा। 14 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता राफेल नडाल और 13वीं विश्व वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डेविड फेरर इस स्पेनिश टीम का हिस्सा होंगे।

उनके अलावा स्पेन की टीम में युगल मुकाबलों के विशेषज्ञ फेलिसिआनो लोपेज और मार्क लोपेज भी शामिल हैं।

1965 के बाद डेविस कप में भारत और स्पेन चौथी बार आमने-सामने हैं। स्पेन को 2-1 की बढ़त हासिल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493