कोलकाता, 25 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजधानी स्थित एक निजी अस्पताल में एक बौनी महिला के गर्भाशय का बेहद जटिल ऑपरेशन किया गया।
अंडमान की निशी पूनम (40) की लंबाई मात्र 93 सेंटीमीटर और वजन 28 किलोग्राम है।
एकोंड्रोप्लासिया के कारण बौनापन से ग्रस्त हुईं निशी देखने में तीन साल के एक बच्ची की तरह लगती हैं।
निशी पेट में गैस बनने की समस्या को लेकर अस्पताल आई थीं, जहां उन्हें स्त्री रोग विभाग में इलाज के लिए भेजा गया।
यूएसजी में इस बात का खुलासा हुआ कि उन्हें फ्रायब्रॉइड यूटेरस (गर्भाशय में ट्यूमर) की समस्या है, जिसके लिए सर्जरी की जरूरत है।
मेडिका सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ शिल्पिता बनर्जी ने कहा, “निशी जैसी किसी भी महिला के लिए किसी भी तरह की सर्जरी बेहद जोखिम भरी, जटिल व कठिन होती है। बौनापन के कारण कई तरह की समस्याएं पैदा होती हैं। वयस्क होने पर ऐसे लोगों का इलाज एक वयस्क की तरह करने की जरूरत होती है, लेकिन उनकी शारीरिक संरचना एक बच्चे व वयस्क के बीच होती है।”
बनर्जी ने कहा कि ऐसे मामलों में सर्जरी के लिए पेट में जितनी जगह की जरूरत होती है, वास्तव में उतनी होती नहीं। साथ ही उन्हें बेहोश करना भी बेहद जोखिम भरा काम होता है, क्योंकि गले व स्पाइन का आकार बेहद छोटा होता है।
इन सब के बावजूद निशी की सर्जरी की गई।
सफल ऑपरेशन के कुछ दिनों बाद निशी अपने परिजनों के साथ अंडमान लौट गई।
dharmpath.com dharmpath