नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। बेल्जियम के ब्रसेल्स हवाई अड्डे पर मंगलवार की सुबह हुए दो जबरदस्त बम विस्फोटों में कोई भारतीय हताहत नहीं हुआ है। विदेश मंत्रालय ने यह बात कही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा, “हमारी अपने राजदूत मंजीव सिंह पुरी से से बात हुई है।”
उन्होंने कहा, “किसी भारतीय के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।”
ब्रसेल्स के जेवेंतम हवाईअड्डे पर मंगलवार को हुए दो विस्फोटों में कई लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हुए हैं। इससे लोग दहशत में हैं।
बीबीसी के अनुसार, बेल्जियम अग्निशमन सेवा ने स्थानीय मीडिया को बताया कि ये विस्फोट प्रस्थान हॉल में अमेरिकन एयरलाइंस के डेस्क पर हुए।
बेल्जा समाचार एजेंसी ने कहा है कि इन दोनों विस्फोटों से पहले गोलियां भी चलाई गईं एवं अरबी में चिल्लाते हुए भी सुना गया।
बीबीसी ने कहा है कि हवाईअड्डे को जल्दी खाली करा कर विमानों के लिए बंद कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath