ब्रसेल्स हमले में घायल भारतीय की स्थिति में सुधार : सुषमा स्वराज

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमलों में घायल दो भारतीयों की स्थिति में सुधार हो रहा है।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को यह बात कही।

सुषमा ने ट्वीट किया, “मैंने ब्रसेल्स में अपने राजदूत मंजीव पुरी से अभी बात की है। उन्होंने हमें सूचित किया कि निधी और अमित दोनों की स्थिति में सुधार हो रहा है।”

जेट एयरवेज के सदस्य निधी और अमित ब्रसेल्स के जेवेंतम हवाईअड्डे पर हुए आतंकवादी हमले में घायल हो गए थे।

सुषमा ने यह भी कहा कि सरकार एक अन्य भारतीय राघवेंदपन गणेश का पता लगाने की पूरी कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि हवाईअड्डा अभी तक खुला नहीं है और इसे खुलने में थोड़ा समय लगेगा।

सुषमा ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, “हमारे नागरिकों को निकालने के लिए अन्य योजनाओं हेतु हम जेट एयरवेज के साथ संपर्क में हैं।”

इस बीच, जेट एयरवेज ने बुधवार को कहा कि उन्होंने अपने विमान के घायल कर्मचारियों के पारिवारिक सदस्यों की यात्रा के लिए सारे इंतजामात किए हुए हैं।

विमानन कंपनी के अनुसार, घायल सदस्य अस्पताल में सुरक्षित हैं।

जेट एयरवेज की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, “हमारे स्टाफ के सदस्य ब्रसेल्स में स्थानीय अधिकारियों और अस्पतालों के साथ संपर्क में हैं और उनकी देख-रेख सुनिश्चित कर रहे हैं।”

बयान में आगे कहा गया, “ब्रसेल्स में जेट एयरवेज स्थिति पर नजदीकी से नजर बनाए हुए है। आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र, मुंबई और स्थानीय नियंत्रण केंद्र, ब्रसेल्स मेहमानों तथा स्टाफ के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है।”

जेट एयरवेज, मुंबई और नई दिल्ली से ब्रसेल्स के लिए रोजाना उड़ानों का संचालन करती है।

जेट एयरवेज ने इस मार्ग पर अपनी कई उड़ानों को रद्द कर दिया है।

ब्रसेल्स में मंगलवार सुबह हवाईअड्डे पर हुए दो विस्फोटों और एक मेट्रो स्टेशन पर हुए हमले में 34 लोगों की मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक घायल हो गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493