ब्रसेल्स हमलों में सूटकेस में रखे विस्फोटकों का इस्तेमाल हुआ

ब्रसेल्स, 23 मार्च (आईएएनएस)। ब्रसेल्स आतंकवादी हमलों में शामिल संदिग्धों ने हमलों के लिए सूटकेसों में भरकर लाए गए विस्फोटकों का इस्तेमाल किया।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, बेल्जियम के समाचार पत्र ‘ला दरनीयरे ह्यूरे’ ने जावेंतेम के महापौर फ्रांसिस वर्मीरेन के हवाले से कहा कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार हवाईअड्डे के कथित हमलावर सूटकेसों के साथ टैक्सी से हवाईअड्डा परिसर में दाखिल होते दिख रहे हैं। उन सूटकेसों में बम रखा हुआ था।

महापौर के अनुसार, इन लोगों ने अपने सूटकेसों को ट्रॉलियों पर रखा और जिसके बाद पहले दो बमों में विस्फोट हुए।

वर्मीरेन के अनुसार तीसरा बम ट्रैवल बैग में था और वह सबसे ऊपर था। विस्फोट के बाद कथित आतंकवादी घबरा गए होंगे, जिससे वे तीसरे बम में विस्फोट नहीं कर पाए।

तीनों संदिग्धों को हवाईअड्डे तक लाने वाले टैक्सी चालक ने याद करते हुए कहा कि उन लोगों ने उसे सामान उठाने में मदद भी नहीं करने दिया।

टैक्सी चालक के अनुसार, इन तीनों ने टैक्सी चालक से बड़ी कार लेकर आने को कहा था, ताकि पांचों सूटकेस उसमें फिट हो जाए। लेकिन जब वह छोटी कार लेकर आया तो वे नाराज हो गए।

दैनिक समाचार पत्र ‘हेट लातस्ते न्यूज’ के अनुसार, यह संकेत मिलता है कि इन संदिग्धों का इरादा पांच सूटकेसों के साथ जावेंतेम हवाई अड्डा पहुंचने का था।

हमले के बाद टैक्सी चालक ने तीनों संदिग्धों को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख कर याद किया और पुलिस को सूचना दी। बाद में पुलिस ब्रसेल्स के स्केरबीक जिले में उस स्थान पर गई, जहां से टैक्सी चालक उन्हें लेकर आया था।

सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में तीनों संदिग्ध सामान ढोने वाली अलग-अलग गाड़ियों को धकेलते नजर आ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि ब्रसेल्स में हवाई अड्डा और एक मेट्रो स्टेशन पर विस्फोटों में मंगलवार को कम से कम 34 लोग मारे गए थे और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493