मॉस्को, 23 मार्च (आईएएनएस)। रूस के दक्षिणी शहर दोनेत्स्क की एक अदालत ने यूक्रेनी सेना की पायलट नादेझदा सावचेंको को 22 साल जेल की सजा सुनाई है। उसे साल 2014 में दो रूसी पत्रकारों की हत्या में साथ देने का दोषी पाया गया था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, नोवोत्सी न्यूज एजेंसी ने कहा कि 34 वर्षीया यूक्रेनी महिला पायलट एक नियमित सुरक्षा कॉलोनी में 20 साल, चार महीने व्यतीत करेंगी, क्योंकि मामले की जांच और मुकदमे के दौरान वह एक साल आठ महीने कैद में रह चुकी है।
अदालत के फैसले के अनुसार, सावचेंको को 12 साल से पहले माफी नहीं मिल सकती।
अदालत ने अवैध रूप से रूसी सीमा पार करने के जुर्म में उस पर 443 डॉलर का जुर्माना भी लगाया है।
सावचेंको पर पूर्वी यूक्रेन में जून 2014 में कीव सरकार के सैनिकों और अलगाववादियों के बीच संघर्ष के दौरान गोलीबारी का निर्देश देने का आरोप लगा था, जिसमें दो रूसी पत्रकारों की मौत हो गई थी।
कई यूक्रेनी सावचेंको को राष्ट्रीय नायिका मानते हैं। सावचेंको ने इन आरोपों से इंकार करते हुए कहा है कि उसका यूक्रेन से अपहरण कर रूसी प्रशासन को सौंप दिया गया था।
रूसी सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद और जर्मनी की चासंलर एंजेला मर्केल सहित विभिन्न नेताओं की सावचेंको को रिहा करने की अपील को ठुकरा दिया है।
dharmpath.com dharmpath