ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति के काफिले पर हमला

रियो डी जनेरियो, 28 मार्च (आईएएनएस)। ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति लुईज इनेसियो लूला डी सिल्वा के काफिले पर दक्षिणी ब्राजील में गोलीबारी की गई। इस बात की जानकारी उनकी वर्कर्स पार्टी ने दी है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मंगलवार को पाराना राज्य में लूला के अभियान के दौरान काफिले की एक बस पर चार बार गोलियां दागी गईं। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और लूला इस काफिले की किसी बस में सवार नहीं थे।

लूला 2003 से 2010 तक ब्राजील के राष्ट्रपति रहे थे और वह अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में अपनी उम्मीदवारी के समर्थन के लिए देश भर की यात्रा कर रहे हैं।

लूला के अभियान समूह में शामिल बसों को इस यात्रा के दौरान पत्थर और अंडों का भी सामना करना पड़ा है।

पूर्व राष्ट्रपति ने अपने ट्विटर खाते पर हमलावरों को फासीवादी करार दिया है।

उन्होंने ट्वीट किया, “हमारे काफिले का फासीवादी समूहों द्वारा पीछा किया जा रहा है। वे पत्थर और अंडे फेंक रहे हैं। आज उन्होंने गोलियां भी चलाईं।”

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वर्कर्स पार्टी की अध्यक्ष ग्लीसी हॉफमैन ने कहा कि यह घात लगाकर किया गया हमला था। लोक सुरक्षा मंत्री राउल जंगमैन ने कहा कि उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को इस मामले में अपने प्रयास तेज करने को कहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493