रियो डी जनेरियो, 24 जून (आईएएनएस)। ब्राजील की निलंबित राष्ट्रपति डिल्मा रोसेफ की वर्कर्स पार्टी (पीटी) के एक पूर्व नेता को गुरुवार को पेट्रोब्रास भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि पाउलो बर्नाडरे सिल्वा पूर्व राष्ट्रपति लुइज इंसियो लूला डी सिल्वा की सरकार में योजना मंत्री थे। वह डिल्मा सरकार में संचार मंत्री थे एवं वर्कर्स पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, पाउलो पर 2010 और 2015 के बीच पेट्रोब्रास भ्रष्टाचार के जरिये 21 लाख डॉलर बटोरने का आरोप है।
उन्हें ब्रासीलिया स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया। कुरितिबा शहर में स्थित उनके दूसरे घर की भी तलाशी ली गई थी।
उनकी पत्नी ग्लैसी हॉफमैन हैं, जो सीनेटर हैं और डिल्मा की पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ हैं। वह डिल्मा का सबसे ज्यादा बचाव करने वालों में से एक हैं।
इस घोटाले में गुरुवार को निलंबित राष्ट्रपति डिल्मा के पूर्व उड्डयन मंत्री कार्लोस गबस और ‘ब्राजील 247’ के संपादक लियोनाडरे अटुच को भी गिरफ्तार किया गया।
1980 में अस्तित्व में आई वर्कर्स पार्टी इस वक्त अपने इतिहास में अब तक के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही है। मई में डिल्मा को पद से निलंबित कर दिया गया और उनके खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई लंबित है।
dharmpath.com dharmpath