रियो डी जेनेरियो, 14 जून (आईएएनएस)। ब्राजील फुटबाल टीम के कोच डुंगा को पद से हटाए जाने की खबरों के बीच इस आशय की खबर आई कि मंगलवार को ब्राजील फुटबाल परिसंघ (सीबीएफ) के शीर्ष अधिकारियों ने उन्हें बैठक के लिए बुलाया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ब्राजील कोपा अमेरिका के 100वें संस्करण में पेरू से 0-1 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। इस मैच में पेरू द्वारा किए गए गोल पर काफी विवाद खड़ा हुआ था क्योंकि टीवी रिप्ले में साफ पता चल रहा था कि पेरू के खिलाड़ी राउल रुईडिएज ने गेंद को गोलपोस्ट में डालने के लिए अपने दाएं हाथ का सहारा लिया था।
लेकिन, इससे नतीजे पर असर नहीं पड़ा। 1987 के बाद यह पहली बार है कि ब्राजील कोपा अमेरिका के ग्रुप दौर को भी पार नहीं कर पाई।
ग्लोबो अखबार ने सोमवार को लिखा, “पेरू के खिलाफ हुआ मैच डुंगा का आखिरी मैच हो सकता है।”
अखबार ने लिखा है, “2014 में नियुक्ति के बाद डुंगा की असफलताओं की श्रृंखला में यह एक ताजा कड़ी है।”
वहीं एक और अखबार इस्टाडो दे एस.पाउलो ने लिखा है, “सीबीएफ ने डुंगा को बैठक के लिए बुलाया है और ऐसा अनुमान है कि उन्हें पद से हटाया जा सकता है।”
अखबार ने लिखा है कि डुंगा को इसी साल अगस्त में होने वाले रियो ओलम्पिक तक ही टीम की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
dharmpath.com dharmpath