ब्राजील में रौसेफ समर्थकों का विरोध प्रदर्शन

ब्रासीलिया, 11 जून (आईएएनएस)। ब्राजील की निलंबित राष्ट्रपति डिल्मा रौसेफ के समर्थकों ने शुक्रवार शाम देश के लगभग सभी राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रौसेफ के खिलाफ महाभियोग प्रक्रिया तख्तापलट की कार्रवाई है और वे अंतरिम राष्ट्रपति मिशेल टेमर के खिलाफ नाराजगी जाहिर करना चाहते थे।

पूर्व राष्ट्रपति लुईस इनेसियो लूला डी सिल्वा ने भी साओ पाउलो में आयोजित विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। लुईस रौसेफ के पूर्ववर्ती और उनके राजनीतिक संरक्षक हैं। आयोजकों के अनुसार करीब एक लाख लोगों ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।

ब्राजील के सबसे बड़े श्रम संघ सीयूटी के प्रमुख वेगनी फ्रेइटास ने कहा, “यहां आयोजित इस सामाजिक आन्दोलन का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा महाभियोग और तख्तापलट को रोकना है।”

आयोजकों के अनुसार, रियो में आयोजित विरोध प्रदर्शन में 20000 लोग शामिल हुए, जहां प्रमुख राजनेताओं ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। लोग रौसेफ की बहाली की मांग कर रहे थे।

अन्य शहरों जैसे ब्रासीलिया, बेलो होरिजोंटे और रेसिफ में भी बड़े विरोध प्रदर्शन हुए।

रौसेफ को सड़कों पर बड़े पैमाने पर समर्थन प्राप्त हो रहा है। इस माह टेमर के पद संभालने के बाद से देशव्यापी विरोध-प्रदर्शनों में लोग रौसेफ का समर्थन कर रहे हैं और महाभियोग प्रक्रिया व टेमर का विरोध कर रहे हैं।

इसके अलावा रौसेफ ने अपने हाल के एक कदम के तहत स्थानीय सरकारी टीवी चैनल, टीवी ब्रासील को एक साक्षत्कार दिया, जो गुरुवार को प्रसारित हुआ था। इससे भी उन्हें समर्थन जुटाने में मदद मिल सकती है।

रौसेफ ने कहा कि उनके खिलाफ महाभियोग प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था के टूटने का प्रमाण है।

रौसेफ ने कहा कि अगर वह पद पर वापस लौटने में कामयाब होती हैं तो वह आम लोगों से मशविरा करेंगी कि राष्ट्रीय राजनीति किस राह पर चलनी चाहिए।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस उद्घोषणा से अगस्त महीने में महाभियोग पर होने वाले अंतिम मतदान में अधिक सीनेटर उनके पक्ष में हो सकते हैं।

रौसेफ को दोषी ठहराने के लिए दो-तिहाई सीनेटरों का मत मिलना आवश्यक है। अर्थात 81 सीनेटरों में 54 का समर्थन जरूरी है।

मतदान के दौरान सीनेटरों की अनुपस्थिति और उनका मतदान में भाग नहीं लेने की गिनती महाभियोग के खिलाफ मतों के रूप में होती है।

महाभियोग प्रक्रिया 55 सीनेटरों के समर्थन से शुरू हुई थी। लेकिन टेमर के अंतरिम राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी कार्यशैली से कुछ सीनेटर नाराज हो गए हैं। इसलिए जिन्होंने पहले महाभियोग प्रक्रिया के पक्ष में मत दिया था, वे रौसेफ के पक्ष में काम कर सकते हैं।

रौसेफ नेताओं से मिलने के लिए देश भर में दौरे कर रही हैं और राजनीतिक रैलियों में भाग ले रही हैं और उनकी उपस्थिति की हमेशा सराहना होती है।

हाल में महिलावादी संगठनों ने रियो में एक रैली का आयोजन किया था, जिसमें रौसेफ का समर्थन करने के लिए हजारों महिलाएं एकत्रित हुई थीं।

रौसेफ के लिए यात्रा करना अधिक कठिन हो गया है, क्योंकि टेमर ने उनके सरकारी विमान के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। उनका आरोप है कि रौसेफ किसी सरकारी आयोजन में हिस्सा नहीं ले रही हैं।

इसके बाद रौसेफ की वर्कर्स पार्टी ने उनकी यात्रा के लिए चार्टर विमान लेने का फैसला किया, लेकिन उन्होंने कहा कि वह व्यावसायिक विमान या सड़क मार्ग से यात्रा करेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493