रियो डी जेनेरियो, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ने कहा कि ब्राजील की राष्ट्रपति डिल्मा रोसेफ के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया से इस वर्ष अगस्त में रियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों की तैयारियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष रियो डी जेनेरियो में अगस्त में ओलम्पिक खेलों का आयोजन होगा। ऐसे में देश में उत्पन्न हुए राजनीतिक संकटों को लेकर उच्च स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय खेल समारोह को आयोजन के प्रति चिंता जताई जा रही है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ओलम्पिक के उद्धघाटन समारोह में केवल 109 दिन शेष रह गए हैं। आईओसी का कहना है कि इन खेलों से ब्राजील की जनता को एकजुट करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होता है।
आईओसी ने अपने एक आधिकारिक बयान में कहा, “सारी तैयारियां अब अंतिम चरण में प्रवेश कर चुकी हैं। जहां ओलम्पिक खेलों के आयोजनों के बीच राजनीतिक मुद्दों का बहुत कम प्रभाव है।”
ब्राजील के निचले सदन ने रविवार को रोसेफ को राष्ट्रपति पद से हटाने के लिए चलाए गए महाभियोग प्रक्रिया के पक्ष में मतदान किया। उन पर सरकारी खाते में 2014 के चुनाव से पहले हेर-फेर करने का आरोप है।
रियो डी जेनेरियो में ओलम्पिक खेलों का आयोजन पांच से 21 अगस्त तक होगा।
dharmpath.com dharmpath