लंदन, 17 जनवरी (आईएएनएस)। ब्रिटिश कवि जैकब पोली को 2016 का टी.एस. इलियट पुरस्कार के लिए चुना गया है। उन्हें उनकी चौथी कविता संग्रह ‘जैकसेल्फ’ के लिए यह पुरस्कार मिला। यह कविता संग्रह कम्ब्रिया से जुड़ी उनकी बचपन की यादों से अांशिक रूप से प्रेरित है।
समाचार पत्र ‘द गार्जियन’ के मुताबिक, निर्णायक मंडल के एक सदस्य रुथ पैडल ने कहा कि ‘जैकसेल्फ’ आविष्कारशील, रोमांचक, शानदार और भावनाओं की गहराई है।
लंदन के वैलेस कलेक्शन गैलरी में आयोजित एक समारोह में पोली ब्रिटेन के सबसे प्रतिष्ठित कविता पुरस्कार के विजेता के रूप में उभरे। पोली की पुस्तक 10 नामित किताबों में से चुनी गई।
पोली 20,000 पाउंड (24,000 डॉलर) इनामी राशि वाले इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के 23वें विजेता हैं। इसकी स्थापना कवि टी.एस. इलियट की विधवा पत्नी वैलेरी ने 1993 में की थी और अब इसका संचालन टीएस इलियट फाउंडेशन करता है।
कार्लिस्ले में 1975 में जन्मे पोली ने लैंकेस्टर विश्वविद्यालय से रचनात्मक लेखन में पढ़ाई की है और फिलहाल वह इंग्लैंड के न्यूकैसल यूनिवर्सिटी में पढ़ाते हैं।
dharmpath.com dharmpath