ब्रिटिश संसद के उद्घाटन पर हो सकते हैं प्रदर्शन

लंदन, 27 मई (आईएएनएस)। ब्रिटेन में नई सरकार के गठन के बाद संसद का उद्घाटन बुधवार को होने जा रहा है, जिस दौरान खर्च में कटौती से संबंधित सरकार की योजनाओं के खिलाफ प्रदर्शन हो सकते हैं।

समाचार पत्र ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट के अनुसार, संसद के राजकीय उद्घाटन समारोह के आयोजकों का अनुमान है कि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों के समूह सहित 5,000 लोग मध्य लंदन के ट्राफाल्गर स्क्वायर पर प्रधानमंत्री डेविड कैमरन की सरकार की नीतयों के खिलाफ प्रदर्शन कर सकते हैं। कैमरन के नेतृत्व वाली कंजरवेटिव पार्टी की सरकार ने अगले पांच साल में विभिन्न खर्च में कटौती की योजना बनाई है।

सरकार की नीतियों के विरोध में करीब 2,000 लोग डाउनिंग स्ट्रीट से वेस्टमिंस्टर तक रैली निकाल सकते हैं।

कंजरवेटिव पार्टी के सात मई को चुनाव जीतने के बाद से लोग लगातार सरकार का विरोध कर रहे हैं और बुधवार का प्रदर्शन भी उसी विरोध का हिस्सा है।

चुनाव के नतीजे आने के एक दिन बाद डाउनिंग स्ट्रीट में पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प में 15 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।

सरकार द्वारा अगले पांच सालों के लिए प्रस्तावित उपायों में कल्याणकारी योजनाओं में 12 अरब पाउंड (18 अरब डॉलर) की कटौती, मानवाधिकार कानूनों में बदलाव, बंद एवं हड़ताल पर नियंत्रण और स्कूलों एवं स्वास्थ्य सेवा जैसे सार्वजनिक क्षेत्र को व्यवसायिक रूप देना शामिल हो सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493