पेरिस, 23 नवंबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद को इस्लामिक स्टेट (आईएस) पर हवाई हमलों के लिए साइप्रस स्थित अपने रॉयल एयर फोर्स (आरएएफ) एयरबेस का इस्तेमाल करने की पेशकश की है।
पेरिस में एलायसी पैलेस में कैमरन ने होलांद से कहा, “शैतानी ताकत को हराने में ब्रिटेन अपने मित्र व सहयोगी फ्रांस को हर संभव मदद करेगा।”
समाचार पत्र द ‘गार्जियन’ के मुताबिक प्रधानमंत्री ने कहा, “मैंने फ्रांस के राष्ट्रपति होलांद को आईएस के खिलाफ हमलों को अंजाम दे रहे फ्रेंच युद्धक विमानों को रॉयल एयर फोर्स अक्रोतिरी का इस्तेमाल करने की पेशकश की है।”
कैमरन का यह फैसला पेरिस में 13 नवंबर को छह जगहों पर हुए भीषण आतंकवादी हमलों के बाद आया है, जिसमें 130 लोग मारे गए, जबकि 350 अन्य घायल हुए हैं।
बेल्जियम में व्यापक स्तर पर चल रहे आतंकवाद रोधी अभियान के बीच कैमरन ने आतंकवादी खतरों से निपटने के लिए यूरोपीय देशों को अतिरिक्त उपाय करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “खासकर, वापस लौट रहे विदेशी लड़ाकों से निपटने के लिए हमें अतिरिक्त उपाय करने चाहिए। इसके लिए पूरे यूरोप को प्रयास करने की जरूरत है।”
इससे पहले कैमरन और होलांद ने बाताक्लां कंसर्ट हॉल का दौरा किया, जहां सर्वाधिक संख्या में लोगों की मौत हुई है। नेताओं ने मारे गए लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की।
इसी बीच, एक संघीय जांचकर्ता ने कहा कि बेल्जियम पुलिस ने रविवार रात 16 लोगों को गिरफ्तार किया, लेकिन मुख्य संदिग्ध बेल्जियम मूल का फ्रेंच नागरिक सलाह अब्दस्सलाम (26) अभी तक हाथ नहीं आया है।
ब्रसेल्स में 19 जगहों पर की गई छापेमारी में कोई हथियार व विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। हमलों की साजिश रची जानेवाली जगह मोलेनबीक व चार्लेरोई के दो जगहों पर छापेमारी में भी कुछ खास सुराग नहीं मिला है।
आईएस द्वारा पेरिस जैसे हमलों की आशंका के मद्देनजर, ब्रसेल्स सोमवार को हाई अलर्ट पर रहा। स्कूल, विश्वविद्यालय व मेट्रो बंद रहे।
dharmpath.com dharmpath