लंदन, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन की लेबर पार्टी के नए नेता जेरेमी कॉरबिन ने शरणार्थियों की मदद करने की मांग के समर्थन में यहां निकाली गई रैली में शिरकत की। रैली में हजारों लोग शामिल हुए। कॉरबिन का हाल ही में ब्रिटेन की लेबर पार्टी के नेता पद पर चयन हुआ है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, शनिवार को ‘सॉलिडॉरिटी विद रिफ्यूजीज’ नामक निकाली गई इस रैली में राजनेताओं, राजनैतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं और अपने-अपने क्षेत्र की नामचीन हस्तियों ने हिस्सा लिया।
कॉरबिन ने अपने अनुमोदन भाषण में कहा, “युनाइटेड किंगडम को मानवता, दया और सहयोग की भावना दिखानी चाहिए। हमें यह हर हाल में मानना चाहिए कि युद्ध से कड़वाहट और समस्याओं की विरासत ही पैदा होती हैं। आइए हम दुनिया में बदलाव, मानवता और शांति की ताकत बनें। हम एक विश्व हैं।”
रैली में कॉरबिन के समर्थक भी शामिल हुए। उन्होंने अपने हाथों में ‘शरणार्थियों का स्वागत’ और ऐसे ही अन्य संदेश लिखे बैनर ले रखे थे।
बाद में पार्लियामेंट स्क्वे यर में कॉरबिन ने ब्रिटिश सरकार से आग्रह किया कि वह “कानून द्वारा लोगों की मदद के लिए दी गई जिम्मेदारी को पहचाने। अपने दिल, दिमाग और मुंह को उनके समर्थन के लिए खोलिए जो परेशान हैं, जो कहीं हिफाजत से रहना चाहते हैं, जो हमारे समाज में अपना योगदान देना चाहते हैं और जो हम सब की ही तरह इंसान हैं। शांति, न्याय और मानवता की राह में एकजुटता-यही हमारा आगे का रास्ता होना चाहिए।”
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने सोमवार को ऐलान किया था कि उनका देश 2020 तक 20000 सीरियाई शरणार्थियों को अपने यहां रखेगा। उनके इस ऐलान की जर्मनी के अधिक लोगों को पनाह देने के ऐलान से तुलना करते हुए आलोचना हुई थी। इस संख्या को बहुत कम बताया गया था।
dharmpath.com dharmpath