नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। केरला ब्लास्टर्स ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे संस्करण के लिए इंग्लैंड के फुटबाल क्लब क्वींस पार्क रेंजर्स (क्यूपीआर) के लिए खेल चुके ब्राजीलियाई डिफेंडर ब्रूनो पेरोन से करार किया।
क्लब ने मंगलवार को ट्वीट कर 28 वर्षीय पेरोन से करार की घोषणा की।
क्लब ने ट्वीट किया, “केरला ब्लास्टर्स अपने नए सेंटर बैक ब्रूनो कैल्डिनी पेरोन का पूरे जोशो-खरोश के साथ स्वागत करते हैं।”
क्यूपीआर की ओर से 2011-12 सत्र में इंग्लिश प्रीमियर लीग खेल चुके पेरोन भारतीय दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के स्वामित्व वाले क्लब केरला ब्लास्टर्स से जुड़ने वाले पहले विदेशी डिफेंडर हैं।
पेरोन ब्राजील के क्लब कोरिंथियंस पैरानेंस और फिगुइरेंस एफसी के लिए और स्पेन के क्लब जेरेज के लिए भी खेल चुके हैं।
पिछले वर्ष वह ब्राजीलियाई क्लब नोवोरिजोंटिनो के लिए खेले और उनकी टीम साओ पाउलो के सेकेंड डिविजन स्टेट लीग पॉलिस्टा ए2 में दूसरे स्थान पर रही।
आईएसएल के दूसरे संस्करण के लिए ब्लास्टर्स से इस वर्ष जुड़ने वाले अन्य तीन विदेशी खिलाड़ियों में स्पेन के मिडफील्डर विक्टर पुल्गा हेरेरो, पुर्तगाल के मिडफील्डर जोआओ कोयंब्रा और इंग्लैंड के फॉरवर्ड क्रिस डैगनल शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath