मुंबई, 27 जून (आईएएनएस)। फिल्मकार संजय लीला भंसाली की निर्देशक बहन बेला सहगल अपनी अगली फिल्म की शूटिंग अगले साल शुरू करेंगी। उनके निर्देशन की पहली फिल्म ‘शिरीन फरहाद की तो निकल पड़ी’ थी।
बेला ने फिल्म के बारे में ज्यादा खुलासा तो नहीं किया, लेकिन आईएएनएस को बताया, “मैं इतना ही कह सकती हूं कि मेरी अगली फिल्म एक जुदा प्रेम कहानी है। फिल्म का प्री-प्रोडक्शन इस साल शुरू होगा और उम्मीद करती हूं कि इसकी शूटिंग अगले साल शुरू हो जाएगी।”
उन्होंने कहा, “इस वक्त मैं कुछ और नहीं कहना चाहती, क्योंकि यह बहुत जल्दी होगी।”
यह पूछे जाने पर ‘शिरीन फरहाद की तो निकल पड़ी’ (2012) के बाद इतना लंबा ब्रेक क्यों लिया? जवाब में बेला ने कहा, “मैं अपनी बेटियों और अपने परिवार में व्यस्त थी। मेरी दोनों बेटियां पढ़ रही थीं, लेकिन अब अपनी-अपनी दुनिया में फिट हो गई हैं।”
dharmpath.com dharmpath