भाजपानीत सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना में लिप्त : कार्ति चिदंबरम

नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों को मालूम है कि कुछ लोगों को क्यों निशाना बनाया जा रहा है।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपनी प्राथमिकी में कार्ति पर आरोप लगाया है कि अपने पिता के केंद्रीय वित्तमंत्री रहने के दौरान आईएनएक्स मीडिया (अब 9एक्स मीडिया) के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के लिए प्रभाव का इस्तेमाल किया था।

कार्ति ने समाचार चैनल न्यूज एक्स से कहा कि मुकदमे का सामना करने वाले वह अकेले शख्स नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ केस राजनीतिर प्रतिशोध के तहत है और उन्हें कांग्रेस पार्टी का पूरा समर्थन हासिल है।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अधिकांश लोग तथा तटस्थ प्रेक्षक जानते हैं कि लोगों के साथ क्या हो रहा है। कुछ खास लोगों के खिलाफ क्यों इस तरह की जांच की जा रही है। यह स्पष्ट है। मेरे पिता ने बहुत विस्तार में बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह सरकार के खिलाफ बोलना तथा लिखना जारी रखेंगे। देश तथा पार्टी से संबंधित मुद्दों पर वह मुखर आलोचक हैं।”

अपने खिलाफ मामलों की ओर इशारा करते हुए कार्ति ने कहा, “यह कोई अनोखी घटना नहीं है, जो केवल मेरे साथ घट रही है। यह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्टी के लोगों के साथ भी हो रहा है।”

सीबीआई द्वारा भ्रष्टाचार के सिलसिले में एक मामला दर्ज करने के आधार पर प्रवर्तन निदेशाल (ईडी) ने भी पिछले महीने धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत कार्ति चिदंबरम के खिलाफ मामला दर्ज किया।

प्राथमिकी में कार्ति पर आरोप लगाया है कि अपने पिता के केंद्रीय वित्तमंत्री रहने के दौरान उन्होंने आईएनएक्स मीडिया (अब 9एक्स मीडिया) को विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की मंजूरी दिलाने के एवज में 3.5 करोड़ की रकम ली।

पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम ने आईएनएक्स लिमिटेड के प्रस्ताव को एफआईपीबी मंजूरी दिलाने को लेकर कार्ति के खिलाफ सीबीआई के मामले को ‘बेबुनियाद तथा निराधार’ बताया।

सरकार ने उन आरोपों को खारिज किया है, जिसमें कहा गया है कि कार्ति चिंदबरम तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू यादव तथा उनके बच्चों के खिलाफ दर्ज मामले राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित हैं। सरकार ने कहा है कि जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तर्कसंगत आधार तथा सबूतों के आधार पर की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493