ईटानगर, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने अरुणाचल प्रदेश की पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) की सरकार को अभी बाहर से समर्थन करने का निर्णय लिया है और सरकार में शामिल होने का फैसला निकट भविष्य में लिया जाएगा। एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को यह बात कही।
असम के मंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा, “फिलहाल भाजपा अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व वाली पीपीए सरकार का बाहर से समर्थन करने का निर्णय लिया है। हालांकि पार्टी नेतृत्व इस पर निर्णय लेगा कि भाजपा सरकार में शामिल होगी या नहीं।”
सरमा भाजपा के नेतृत्व वाले कांग्रेस विरोधी गठबंधन नार्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस(एनईडीए) के संयोजक हैं। वह अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पीपीए एनईडीए की एक घटक है, इसलिए अरुणाचल प्रदेश सरकार एनईडीए सरकार के रूप में जानी जाएगी।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भाजपा सरकार में शामिल होने के मुद्दे पर इस हफ्ते केरल में होने वाली पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
सरमा ने दोहराया कि पीपीए के साथ कांग्रेस विधायकों के शुक्रवार को हुए विलय में भाजपा की कोई भूमिका नहीं है।
उन्होंने कहा, “भाजपा या एनईडीए को जब विलय हो गया तब पता चला। मेरे पास शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री पेमा खांडू का फोन आया और इसके बारे में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सूचना दी।”
पीपीए पहले से ही एनईडीए का सदस्य है और मुख्यमंत्री खांडू ने एनईडीए का सदस्य बनने की इच्छा जताई है।
एनईडीए का गठन इसी साल मई में पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए किया गया था।
संवाददाता सम्मेलन में पेमा खांडू भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों का पीपीए में शामिल होने का निर्णय जनता की राज्य में एक क्षेत्रीय दल के नेतृत्व वाली सरकार बनाने की मांग पर विचार करते हुए लिया गया।
उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया विकास कार्य देखा है, इसलिए सर्वसम्मति से पीपीए में विलय का निर्णय लिया गया।
dharmpath.com dharmpath